भौतिक शास्त्र
From Wikipedia, the free encyclopedia
भौतिक शास्त्र या भौतिकी प्राकृतिक विज्ञान का एक मूल विषय है जो पदार्थ, उसके मूलभूत घटकों, उसकी गति और व्यवहार, देशकाल के माध्यम से और ऊर्जा और बल की सम्बन्धित संस्थाओं का अध्ययन करता है। भौतिकी सबसे मौलिक वैज्ञानिक विषयों में से एक है, जिसका मुख्य लक्ष्य यह समझना है कि ब्रह्माण्ड कैसे व्यवहार करता है। एक वैज्ञानिक जो भौतिकी के क्षेत्र में विशेषज्ञता रखता है, भौतिक शास्त्री कहलाता है।
भौतिकी प्राचीनतम शैक्षणिक विषयों में से एक है और, खगोल शास्त्र के समावेश के कारण, प्रायः प्राचीनतम है। पिछली दो सहस्राब्दी में, भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और गणित की कुछ शाखाएँ प्राकृतिक दर्शनशास्त्र का एक अंश थीं, परन्तु 17वीं शताब्दी में वैज्ञानिक क्रान्ति के दौरान ये प्राकृतिक विज्ञान अपने आप में अद्वितीय शोध प्रयासों के रूप में उभरे। भौतिकी अनुसन्धान के कई अन्तर्विषयक क्षेत्रों, जैसे जैवभौतिकी और प्रमात्रा रसायनिकी के साथ प्रतिच्छेद करती है, और भौतिकी की सीमाओं को कठोर रूप से परिभाषित नहीं किया गया है। भौतिकी में नए विचार प्रायः अन्य विज्ञानों द्वारा अध्ययन किए गए मौलिक तन्त्रों की व्याख्या करते हैं और इन और अन्य शैक्षणिक विषयों जैसे दर्शनशास्त्र में अनुसन्धान के नूतन मार्ग सुझाते हैं।
भौतिकी में प्रगति अक्सर नूतन तकनीकों में प्रगति को सक्षम बनाती है। उदाहरण के लिए, विद्युच्चुम्बकत्व, ठोसावस्था भौतिकी और परमाणु भौतिकी की समझ में हुई प्रगति ने सीधा नूतनोत्पादों के विकास का मार्ग प्रशस्त किया जिन्होंने आधुनिक समाज को नाटकीय रूप से बदल दिया है, जैसे कि दूरदर्शन, संगणकों, गृहोपकरण और परमाण्वस्त्र; ऊष्मगतिकी में प्रगति के कारण औद्योगीकरण का विकास हुआ; और यान्त्रिकी में हुई प्रगति ने कलन के विकास को प्रेरित किया।