वैज्ञानिक
From Wikipedia, the free encyclopedia
कोई भी व्यक्ति जो ज्ञान प्राप्ति के लिये विधिवत (Systematic) रूप से कार्यरत हो उसे वैज्ञानिक (Scientist) कहा जा सकता है, किन्तु एक सीमित परिभाषा के अनुसार वैज्ञानिक विधि का अनुसरण करते हुए किसी क्षेत्र में ज्ञानार्जन करने वाले व्यक्ति को वैज्ञानिक कहते हैं। और अधिक सीमित अर्थ में, वह व्यक्ति वैज्ञानिक कहलाता है जो प्राकृतिक विज्ञान के किसी क्षेत्र में ज्ञान को उन्नत करने के लिये अनुसन्धान करता है।[1][2]
यद्यपि प्राचीन काल में आधुनिक वैज्ञानिक जैसा कोई कार्य नहीं था, तथापि अति प्राचीन काल से लोग वैज्ञानिक गतिविधियों में लगे रहे हैं। भारत में भी गणित के साथ-साथ विज्ञान की प्राचीन परम्परा रही है जो खगोलिकी और आयुर्वेद में स्पष्ट दिखायी देती है। पश्चिमी जगत में आधुनिक काल के पहले जो लोग प्रकृति का दार्शनिक अध्ययन करते थे उन्हें 'प्राकृतिक दार्शनिक' कहलाते थे।