अतलास पर्वत
From Wikipedia, the free encyclopedia
अतलास पर्वत या ऐटलस पर्वत (बर्बर: इदुरार न वतलास; अरबी: جبال الأطلس, जबाल अल-अतलास; अंग्रेजी: Atlas Mountains) पशिमोत्तरी अफ़्रीका में स्थित एक २,५०० किमी लम्बी पर्वत शृंखला है। यह मोरक्को, अल्जीरिया और तूनीसीया के देशों से निकलती है और इसका सबसे ऊँचा पहाड़ दक्षिण-पश्चिमी मोरक्को में स्थित ४,१६७ मीटर (१३,६७१ फ़ुट) लम्बा तूबक़ाल (Toubkal) पर्वत है। अतलास पर्वतों की श्रेणियाँ भूमध्य सागर और अंध महासागर के साथ लगे तटीय क्षेत्र को सहारा रेगिस्तान से बांटती हैं। इस पर्वतीय इलाके में रहने वाले लोग मुख्य रूप से बर्बर जाति के हैं।[1]
अतलास पर्वतों में बहुत सी ऐसी जानवरों और वृक्षों-पौधों की जातियाँ हैं जो अफ़्रीका के अन्य भागों से बिलकुल अलग हैं और यूरोप से मिलती जुलती हैं। पूर्वकाल में ऐसी भी कुछ जातियाँ थी जो अब विलुप्त हो चुकी हैं। इनमें बर्बरी मकाक (बन्दर), अतलास भालू (अफ़्रीका की इकलौती भालूओं की जाति जो अब विलुप्त हो चुकी है), बर्बरी तेंदुआ, बर्बरी हिरण, बर्बरी भेड़, बर्बरी सिंह, अफ़्रीकी औरोक्स (विलुप्त), उत्तरी गंजी आइबिस (चिड़िया), अतलास पहाड़ी वाइपर (सांप), यूरोपीय काला चीड़, अतलास सीडर (एक प्रकार का देवदार) व अल्जीरियाई बलूत शामिल हैं।[2]